नए साल का जश्न मनाने पहुंचे पर्यटकों से गुलजार हुई धनोल्टी, 70 प्रतिशत होटल पहले ही हो चुके बुक

0

प्रसिद्ध पर्यटक स्थल धनोल्टी नए साल के जश्न के लिए पैक हो गया है। नए साल के जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे हैं। यहां करीब 70 प्रतिशत होटल काफी पहले से बुक हो गए थे और अब यह पर्यटन नगरी पर्यटकों से गुलजार होने लगी है। नए साल के जश्न मनाने के लिए धनोल्टी पर्यटकों की पहली पसंद बनी है। नए साल में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं इसीलिए यहां पर काफी पहले से ही होटल बुक हो जाते हैं।

चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर पड़ने वाला प्रसिद्ध पर्यटक स्थन धनोल्टी की दूरी जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर है। वहीं मसूरी से 40 और देहरादून से यह स्थान करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर है। यहां से आस-पास की बर्फीली पहाड़ियों के दीदार होते हैं।

jagran

घने देवदार के बीच स्थित इस पर्यटक स्थल पर वैसे तो वर्षभर पर्यटक पहुंचते हैं लेकिन नए साल के जश्न मनाने के लिए इस बार यहां पर्यटकों की भीड़ उमड़ी है। धनोल्टी में दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तरप्रदेश आदि जगहों से पर्यटक पहुंचे हैं।

इस पर्यटक स्थल के महत्व का पता इसी बात से चलता है कि नए साल के जश्न के लिए यहां पर 70 प्रतिशत होटल काफी पहले ही बुक हो चुके हैं।

यात्रा सीजन में भी रहती है पर्यटकों की चहल पहल

यात्रा सीजन में भी धनोल्टी में पर्यटकों की चहल-पहल रहती है। यह स्थल भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र से दूर है इसलिए पर्यटकों की यह पहली पसंद है। देश से ही नहीं विदेशों से भी पर्यटक यहां पहुंचते हैं। गर्मियों में यहां की ठंडी वादियों का पर्यटक आनंद लेते हैं। स्थानीय लोग भी समय-समय पर इस पर्यटक स्थल की सैर-सपाटे के लिए पहुंचते हैं।

यह स्थान काफी ठंडा है। सर्दियों में यहां पर काफी बर्फबारी होती है। इसलिए पर्यटक भी बर्फबारी का आनंद उठाने के लिए यहां आते हैं। सर्दियों में यहां का मौसम काफी ठंडा रहता है। लेकिन पर्यटक इसकी परवाह न कर ठंडी वादियों का आनंद लेते हैं। यहां पर पर्यटक बर्फबारी का भी जमकर लुत्फ उठाते हैं। पर्यटक स्थल में हर साल बर्फबारी होती। इसके आस-पास का क्षेत्र भी कई दिनों तक बर्फ की चादर से ढका रहता है।

ईको पार्क का भी लेते हैं आनंद

इस स्थान पर पर्यटकों की भारी आवाजाही के चलते यहां पर स्थानीय व्‍यक्तियों ने ईको पार्क बनाया है। जो भी पर्यटक धनोल्टी आता है वह ईको पार्क का अवश्य भ्रमण करता है। ईको पार्क घूमने के लिए पैदल ट्रेक बनाया गया है। काफी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।

पार्किंग का किया जा रहा निर्माण

पर्यटक स्थल धनोल्टी में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के चलते यहां पर कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। जगह की कमी होने के कारण पर्यटकों को वाहन पार्क करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए अब यहां पर दो पार्किंग का निर्माण कार्य चल रहा है और जल्द ही यह बनकर तैयार हो जाएगी। जिसके बाद यहां पर जाम की समस्या से निजात मिल पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed