भारतीय तीरंदाजों ने पोलैंड में लहराया तिरंगा, आठ गोल्ड समेत कुल 15 पदक जीते

0

भारतीय तीरंदाजों ने युवा विश्व चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। पोलैंड में आयोजित इस टूर्नामेंट में भारतीय तीरंदाजों का दबदबा रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने रविवार को रिकर्व राउंड में भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। महिलाओं की अंडर-18 रिकर्व स्पर्धा की पिछले साल की विजेता कोमालिका बारी ने अंडर-21 का खिताब भी अपने नाम किया।

कोमालिका के अलावा भारत ने अंडर-21 रिकर्व टीम इवेंट में भी गोल्ड जीता। इसके साथ ही मिश्रित स्पर्धा का स्वर्ण भी अपने नाम किया। बिशाल चांगमई ने अंडर-18 पुरुष रिकर्व तो मंजिरी मनोज ने महिलाओं की स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

भारतीय टीम अंडर-18 मिश्रित और टीम स्पर्धा दोनों में चैंपियन रही। वहीं रिकर्व कैडेट महिला स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। कुल मिलाकर भारत ने 9-15 अगस्त तक आयोजित युवा विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में 15 मेडल जीते। इसमें आठ स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य भारत की झोली में आए। यही नहीं इस बार के चैंपियनशिप के क्वालीफाइंग राउंड में भारतीय खिलाड़ियों ने दो स्पर्धाओं में विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।

भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed