काबुल एयरपोर्ट को लेकर तालिबान ने तुर्की को दी धमकी, कंधार में मारकाट जारी, गजनी में लड़ाई हुई और तेज

0

अफगानिस्तान में तालिबान का गजनी और कंधार पर कब्जे के लिए सुरक्षा बलों से भीषण संघर्ष हो रहा है। इस बीच तालिबान ने काबुल में भी अफगान सुरक्षा बलों को कमजोर करने की योजना पर अमल शुरू कर दिया है। उसने तुर्की को धमकी है कि यदि उसने अमेरिका और नाटो सेना की वापसी के बाद काबुल हवाई अड्डे की सुरक्षा अपने हाथ में ली तो गंभीर खामियाजा भुगतेगा।

तुर्की अमेरिका के साथ वार्ता कर सेना वापसी के बाद काबुल हवाई अड्डे की सुरक्षा का जिम्मा ले रहा है। इस मुद्दे पर तालिबान ने तुर्की को सीधे धमकाना शुरू कर दिया है। तालिबान चाहता है कि काबुल में वह बिना किसी विदेशी सेना के हस्तक्षेप के सीधे अफगान सुरक्षा बलों से मोर्चा ले।

इधर कंधार के ताजा हालात के संबंध में वहां के प्रांतीय परिषद के सदस्य अताउल्लाह अत्ता ने जानकारी दी है। कंधार में कब्जे को लेकर भीषण संघर्ष चल रहा है। यहां तालिबान ने जेल में घुसने की कोशिश की। उसे वहां से खदेड़ दिया गया। हिंसा के हालात से डरे सैकड़ों परिवार कंधार से भाग गए हैं। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान आठ नागरिकों की मौत हो गई, तीस से ज्यादा घायल हो गए हैं।

गजनी के चारों तरफ तालिबानी आतंकी फैले हुए हैं। आतंकियों ने रात भर गजनी पर हमले किए। यहां भी मारकाट चल रही है।

हवाई हमलों में 29 तालिबानी आतंकी मारे गए

आइएएनएस के अनुसार जौजान प्रांत में तालिबान के छिपे हुए अड्डों पर हवाई हमले किए गए। हमले में 29 आतंकवादी मारे गए। तालिबान का यहां के जौजान प्रांत के साथ ही बल्ख, फरयाब आदि प्रांतों में दो दर्जन से ज्यादा जिलों पर कब्जा है।

आइएएनएस के अनुसार बदख्शान प्रांत के कुरान-वा-मुंताज जिले को सुरक्षा बलों ने तालिबान के कब्जे से मुक्त करा लिया है। यह बदख्शान का दूसरा जिला है, जिस पर दोबारा कब्जा किया गया है। इससे पहले यहां के यफ्ताल को भी सुरक्षा बलों ने दोबारा नियंत्रण में ले लिया था।

अफगानिस्तान का विकास बजट अब खर्च होगा रक्षा पर

एएनआइ के अनुसार अफगानिस्तान में हिंसा के कारण राजस्व में भारी कमी के कारण वित्त मंत्रालय ने विकास कार्यो के आवंटित बजट को रक्षा पर खर्च करने की सहमति दे दी है। पहचान पत्र, वीजा और सरकारी कर्मचारियों का वेतन देने का काम जारी रहेगा। अन्य विकास परियोजनाओं के लिए आवंटित धन को अब रक्षा परियोजनाओं में लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed