ऊर्जा निगम के पूर्व संविदा कर्मी ने खाया जहर, वीडियो बनाकर एक चीफ इंजीनियर समेत आठ अधिकारियों को ठहराया जिम्मेदार

ऊर्जा निगम के पूर्व संविदा कर्मचारी ने आत्महत्या का प्रयास किया है। उसकी हालत गंभीर है और वह अस्पताल में भर्ती है। यह कदम उठाने से पहले उसने एक वीडियो बनाकर निगम के कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। अब वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया है। मामला ऊर्जा निगम के निरंजनपुर सब स्टेशन से जुड़ा है।
यहां उपनल के माध्यम से बतौर लाइनमैन नियुक्त किए गए बसंत कौशिक ने एक मुख्य अभियंता समेत आठ अधिकारियों पर उत्पीडऩ और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया था। जिसके बाद कुछ समय पूर्व उक्त कर्मी को नौकरी से निकाल दिया गया। जिसके बाद से वह परेशान था। बीते बुधवार को उक्त कर्मचारी ने एक वीडियो बनाया और वाट्सएप के माध्यम से कई लोग भेज दिया।
वीडियो में उसने मुख्य अभियंता एके सिंह (सेवानिवृत्त), उनकी पत्नी अनुपमा सिंह पर उत्पीडऩ करने का आरोप लगाया है। इसके अलावा अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा, एसडीओ अनुज अग्रवाल, रवि राजोरा, वीके जोशी, जेई सूर्य प्रकाश पोखरियाल और मुस्तकीम अली का नाम भी वीडियो में लिया है। बसंत का कहना है कि उक्त सभी अधिकारियों ने उसे मानसिक रूप से परेशान किया।
साथ ही एसडीओ ने उससे रिश्वत के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये भी ऐंठे। बंसत ने वीडियों में उक्त अधिकारियों के उत्पीडऩ से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात कही है। साथ ही सभी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वीडियो वायरल होने के बाद से ही ऊर्जा निगम में हड़कंप मचा हुआ है।
बसंत कौशिक को संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उसका नंबर स्विच आफ था और वह घर पर भी नहीं मिला। पटेलनगर पुलिस को मिली सूचना के अनुसार श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में बंसत कौशिक को बेसुध अवस्था में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने बताया कि बसंत ने जहर खाया है और उसकी हालत गंभीर बनी है।
पिटकुल के संविदाकर्मी ने लगाई फांसी
पिटकुल में संविदा पर तैनात कर्मचारी ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं लगाया पाया है। बाजार चौकी इंचार्ज विवेक राठी ने बताया कि मनीष चौधरी पिटकुल में संविदा पर बतौर चालक कार्यरत था। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी, जोकि परिवार के साथ शांति विहार, माजरा में रहता था।
बुधवार रात को मनीष ने पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या से पहले मनीष ने अपनी पत्नी के नाम एक पत्र लिखा है, जिसमें उसने लिखा है कि वह अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता है। आत्महत्या के पीछे उसकी पत्नी का कोई दोष नहीं है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि स्वजन से पूछताछ की जा रही है। अभी आत्महत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है।