उत्तराखंड में और बढ़ेगी ठंड, बदलने वाला है मौसम का मिजाज; ज्यादातर इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार

0
15_12_2021-brf_22295503

 

 उत्तराखंड में पिछले कई दिन से शुष्क बने मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के यहां पहुंचने के कारण गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश व बर्फबारी हो सकती है। इससे प्रदेशभर में तापमान में गिरावट आने के कारण कड़ाके की ठंड पडऩे की आशंका है।

इन दिनों शुष्क मौसम के बीच प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। हालांकि, सुबह और शाम को ठिठुरन बढ़ रही है। पहाड़ों में पाला दुश्वारियां बढ़ा रहा है। मैदानों में हल्का कोहरा छाने लगा है। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने मौसम का मिजाज बदलने की आशंका जताई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक राजस्थान और हरियाणा की ओर से चक्रवाती हवाओं के साथ ही अरब सागर से ताजा पश्चिमी विक्षोभ बुधवार शाम तक हिमालयी क्षेत्रों में पहुंच सकता है। इससे अगले दो से तीन दिन उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। इसके साथ ही 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

इससे पहले सोमवार को कुमाऊं में पिथौरागढ़ में ऊंची चोटियों पर हिमपात होने से समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया। गढ़वाल में देहरादून समेत सभी जगह दिन में हल्के बादल छाए रहे। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं सुबह कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, गढ़वाल में मंगलवार को मसूरी का तापमान एक डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed