उत्तराखंड: पारे में लगातार गिरावट, मसूरी में तापमान एक डिग्री सेल्सियस

0

Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क है, मगर पारे में गिरावट का क्रम जारी है। पाला और कोहरा गिरने से ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह और रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अब 17 दिसंबर से ठंड में और इजाफा होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार से प्रदेशभर में मौसम करवट बदलेगा। इस दिन से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जनपद के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और राज्य के मैदानी जिलों में बारिश के समीकरण बन रहे हैं। इससे पहले 14 से 16 दिसंबर के बीच प्रदेश में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहेंगे।

वहीं, सोमवार को कुमाऊं के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में ऊंची चोटियों पर हिमपात होने से समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया। गढ़वाल में देहरादून समेत सभी जगह दिन में हल्के बादल छाए रहे। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अभी 24 घंटे तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं सुबह कोहरा छाने की संभावना है।

पिथौरागढ़ जिले के अधिकतर क्षेत्रों में सुबह से ही घने बादल छाए हुए थे। दोपहर होते-होते ऊंची चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया। वहीं, निचले इलाकों में बारिश होने से एकाएक ठंड में इजाफा हो गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। नैनीताल में भी बादल छाए रहने से ठंड बढ़ गई। इसके चलते बाजार में कम ही लोग दिखे। बागेश्वर में दोपहर बाद बादल छाने से पारा छह डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। ऊधमसिंह नगर जिले में भी पारा लुढ़का है। देहरादून और मसूरी में दोपहर एक बजे के आसपास हल्के बादल छा गए। हालांकि, तीन बजे के बाद मौसम साफ हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed