Uttarakhand Election: विस क्षेत्र स्तर तक चुनाव प्रबंधन कमेटियां गठित करेगी भाजपा, 60 पार लक्ष्य

0

Uttarakhand Election 2022 आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतर चुकी भाजपा अब प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की तर्ज पर जिला और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भी इसी तरह की समितियां गठित करेगी। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी ने शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत तय है, लेकिन इसे शानदार बनाना प्रत्येक कार्यकर्त्ता का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी इस बार 60 पार के लक्ष्य को हासिल करेगी।

भाजपा ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी, पार्टी के प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी बीते रोज से देहरादून के दौरे पर हैं। शुक्रवार को प्रदेश चुनाव प्रभारी ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक लेते हुए बेहतर चुनाव प्रबंधन के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन के बूते हुए और हो रहे विकास कार्य सभी को दिख रहे हैं। यही जनता का पार्टी के प्रति विश्वास का आधार भी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिसे जो दायित्व मिला है, वह उसका निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करे। इसके लिए सकारात्मक और परस्पर संवाद रखकर कार्य करना होगा।

जोशी ने कहा कि केंद्र ने उतराखंड के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है और भविष्य का रोडमैप तैयार किया है। राज्य में सड़क से लेकर पर्यटन तक का मजबूत ढांचा विकसित हुआ है। प्रदेश आर्थिक रूप से तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं और भावी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने को तत्परता से कार्य करने की जरूरत है।

विकास के एजेंडे पर जनता के बीच जाएंगे

जोशी ने कहा कि भाजपा विकास के एजेंडे पर ही जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि हम जो भी करें, विश्वास के साथ करें, ताकि संगठन को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि कार्यकर्त्ताओं का आकलन संगठन करता है और अच्छे कार्यकर्त्ताओं को सम्मानित करना पार्टी संगठन की रीत है।

पार्टी ने तैयार की विजय की रूपरेखा

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि मिशन-2022 में विजय के लिए चुनाव प्रबंधन समिति ने रूपरेखा तैयार की है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव में अन्य दलों की तुलना में बहुत आगे है, क्योंकि वह पूरे पांच साल जनसेवा के कार्यों में जनता के बीच रही, जबकि अन्य दल अब दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ दौरे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो सौगात दी है, वह राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

विभाग प्रमुखों की जिम्मेदारी अहम

प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने चुनाव प्रबंधन को बनाए गए 33 विभागों के प्रमुखों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही उनके दायित्व व कार्यों चर्चा की। बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, चुनाव सह प्रभारी सरदार आरपी सिंह व लाकेट चटर्जी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा व त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार व सुरेश भट्ट, सांसद अजय टम्टा, राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा व राजीव जेटली आदि उपस्थित थे। संचालन प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed