लंकापति का अहंकार हुआ चूर, लोग ने सामाजिक बुराईयों का त्‍याग का लिया संकल्‍प

0

द्रोणनगरी में शुक्रवार को विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर में विभिन्न जगहों पर अहंकार व बुराई के प्रतीक रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। हिंदू नेशनल स्कूल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने सभी को विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा कि हमें अच्छाई का रास्ता कभी नहीं छोड़ना चाहिए। अच्छाई की राह में कितनी भी मुश्किलों का सामना क्यों न करना पड़े, आखिर में सफलता मिलती ही है। ऊंच-नीच की भावना को समाज के लिए हानिकारक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राम ने सबरी के जूठे बेर खाकर ऊंच-नीच की भावना मिटाने का प्रयास किया।

हमें इससे सीख लेनी चाहिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदू नेशनल स्कूल में रात को करीब सवा आठ बजे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण के पुतले में आग लगते ही परिसर प्रभु श्री राम के जयकारों से गूंज उठा।

इससे पहले आतिशबाजी का शानदार प्रदर्शन किया गया। यहां राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, राजपुर रोड विधायक खजान दास, महापौर सुनील उनियाल गामा, प्रदीप बत्रा, साधना शर्मा, विनय गोयल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

बन्नू स्कूल में हुआ लंका दहन

दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी की ओर से 74वां विजयादशमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। सनातन धर्म इंटर कालेज (बन्नू स्कूल) के परिसर में आयोजित उत्सव में शाम को छह बजे रावण का पुतला दहन करने के बाद लंका का दहन किया गया। इस अवसर पर धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, राजपुर रोड विधायक खजान दास, कैंट विधायक हरबंस कपूर, महापौर सुनील उनियाल गामा, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष अशोक वर्मा, दशहरा कमेटी के अध्यक्ष संतोख नागपाल, बन्नू बिरादरी के अध्यक्ष हरीश बिरमानी, रमेश, मनीष कनौजिया, मनोज धामी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

हनुमान ने रावण की लंका में जलाई

हनुमान ने अभिमानी रावण की सोने की लंका में आग लगा दी। लंका को जलता देख दर्शकों ने प्रभु श्रीराम की जय-जयकार शुरू कर दी। वातावरण श्रीराम की ध्वनि से गुंजायमान हो उठा। यह दृश्य शुक्रवार को प्रेमनगर के दशहरा मैदान में देखने को मिला।

धर्मशाला समिति एवं दशहरा कमेटी प्रेमनगर की ओर से मैदान में विविविधान से पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुए समारोह में ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच सबसे पहले हनुमान ने जय श्रीराम के उदघोष के साथ लंका में आग लगाई। इसके बाद शाम को करीब साढ़े पांच बजे राम-लक्ष्मण ने तीर मारकर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों को आग के हवाले किया। इससे पहले भव्य आतिशबाजी ने मन मोह लिया। मुख्य अतिथि गढ़ी कैंट बोर्ड की सीईओ तनु जैन ने सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में कैंट विधायक हरबंस कपूर, राजीव पुंज, भूषण भाटिया, सूरज प्रकाश भाटिया, विक्की खन्ना, मोहित ग्रोवर, बाबी भाटिया, राजेश भाटिया, जितेंद्र भाटिया, रवि भाटिया आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed