पति से विवाद हुआ तो महिला ने तीन बच्चों के साथ नहर में लगाई छलांग, एक की मौत; दो लापता

0

रात मायके में रुकने से मना करने पर एक महिला तीन बच्चों संग शक्तिनहर में कूद गई। तैराक युवकों ने तत्परता दिखाते हुए महिला और उसकी गोद में लिपटी तीन साल की बच्ची को बाहर निकाल लिया। बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला सकुशल है। उसके अन्य दो बच्चे नहर के तेज बहाव में गुम हो गए। उसकी खोजबीन की जा रही है। इधर, प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पति ने बच्चों की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

घटना रविवार को विकासनगर इलाके में हुई। पति से विवाद होने के बाद महिला हसनपुर गांव से तीन बच्चों के साथ यहां आई थी। विकासनगर कोतवाली पुलिस के अनुसार हसनपुर निवासी महिला रब्बानी की बहन ने रामपुर में मदरसे के बच्चों के लिए दावत रखी थी। रब्बानी बच्चों के साथ बहन की दावत में शामिल होकर एक रात मायके में ही रुकना चाहती थी। पति शहजाद ने उसे मायके जाने से मना तो नहीं किया, लेकिन रात मायके में रुकने के बजाय घर लौट आने को कहा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद शहजाद दवा लेने देहरादून शहर चला गया। कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं है।

पुलिस के अनुसार इस बीच, रब्बानी तीन साल बेटी जिया, 13 साल के बेटे जैनद व 12 साल के बेटे जैद के साथ घर से निकल गई। ससुर रमजान को उसने मायके जाने की बात कही। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह बस से विकासनगर पहुंची और इसके बाद डाकपत्थर जाने वाले विक्रम में सवार हो गई। नई कालोनी के पास बच्चों समेत उतर गई। तीनों बच्चों के साथ शक्तिनहर के किनारे पहुंची। छोटी बच्ची उसकी गोद में थी, दोनों बेटों का उसने हाथ पकड़ा हुआ था। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि महिला ने पहले दोनों बच्चों को नहर में धक्का दिया और फिर खुद गोद में लिपटी बच्ची संग नहर में कूद गई।
उधर से गुजर रहे युवकों नवाबगढ़ निवासी आशिफ व अयान और जीवनगढ़ निवासी मोनू ने नहर में छलांग लगा महिला और उसकी गोद में लिपटी बच्ची को बाहर निकाला। युवकों ने महिला के बेटों की भी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। युवकों की सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची। महिला और बच्ची को वह अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति सामान्य बताई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed