कुछ दिन राहत के बाद अब फिर मैदान में चढ़ेगा पारा, पहाड़ में बनी बारिश की संभावना

0
20_05_2022-18_04_2022-14_11_2021-gorakhpur_weather_forecast_news_1_22205020_22637088_22728093

 बुधवार को हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन गुरुवार तेज धूप के कारण गर्मी ने बेहाल किया। मैदान से लेकर पहाड़ तक चटख धूप खिलने से पारे में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज ऐसे ही रहने की संभावना है।

पांच पहाड़ी जिलों में हल्‍की बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को राज्य के पहाड़ी जनपद रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य स्थानों में मौसम शुष्क रहेगा।

तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी

गुरुवार को देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, कोटद्वार, हल्द्वानी व ऊधमसिंह नगर आदि मैदानी इलाकों में तेज धूप खिली रही। जिससे अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून में दिनभर चटख धूप रही, जिससे गर्मी ने बेहाल किया। शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चारधाम में दिनभर खिली रही धूप

उधर, कुमाऊं मंडल के अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से गर्मी ने हलकान किया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। चारधाम में दिनभर धूप खिली रही।

मैदानी क्षेत्रों में 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है अधिकतम तापमान

रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी व पिथौरागढ़ के पहाड़ी क्षेत्रों में दोपहर बाद चार बजे से कहीं-कहीं हल्के बादल छाये रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पांच पहाड़ी जनपदों में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *